ग्रेटर फरीदाबाद निवासी प्रतिभाशाली जिम्नास्ट नीरांजना पुनिया ने ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित सीनियर नेशनल आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। 25 अप्रैल से 3 मई तक चली इस बेहद प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिता में नीरांजना ने अपनी कला और संतुलन का लोहा मनवाया। बता दें कि कि नीरांजना ने साल 2025 में इसी प्रतियोगिता की जूनियर कैटेगरी में कांस्य पदक हासिल किया था। नीरांजना ने बताया, पिछले साल जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक न जीत पाने का मलाल मुझे लंबे समय तक था। मैंने तभी ठान लिया था कि अगली बार कोई चूक नहीं करनी है। अब स्वर्ण जीतकर बेहद खुश हूं। नीरांजना की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि यह सीनियर कैटेगरी में उनका डेब्यू वर्ष है। अपने पहले ही प्रयास में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।