फरीदाबाद जिले के निजी विद्यालय फॉर्म-6 जमा करने में लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। इसको लेकर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए एक बार फिर अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यालय 21 अप्रैल तक फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे। निदेशालय ने विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करें। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद, गुरुग्राम सहित प्रदेश के 22 जिलों में कुल 535 निजी विद्यालय ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक फॉर्म-6 जमा नहीं किया है। अगर फरीदाबाद जिले की बात करें तो दो अप्रैल तक 300 से अधिक विद्यालयों ने यह फॉर्म जमा नहीं किया था। पहले इसकी अंतिम तिथि 31 मार्च तय की गई थी, जिसे बढ़ाकर पांच अप्रैल किया गया था। इसके बावजूद कई विद्यालयों ने जानकारी नहीं दी, जिसके चलते अब एक बार फिर तिथि बढ़ाकर 21 अप्रैल कर दी गई है। गौरतलब है कि निजी विद्यालयों के लिए फीस बढ़ाने से पहले फॉर्म-6 भरना अनिवार्य होता है। इस फॉर्म के जरिए विद्यालय अपनी प्रस्तावित फीस वृद्धि का पूरा विवरण विभाग को देते हैं। विभाग की अनुमति मिलने के बाद ही विद्यालय फीस बढ़ा सकते हैं। यदि कोई विद्यालय बिना फॉर्म-6 भरे फीस बढ़ाता है तो यह नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।