शहर के एसी नगर स्थित शहरी केंद्र (UPHC) की बदहाली लगातार गंभीर होती जा रही है। जिस स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद रहती है, वही केंद्र आज खुद बीमार हालत में खड़ा है। जर्जर भवन, केंद्र के अंदर कई दिनों से भरा गंदा पानी और चारों ओर फैली गंदगी ने मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार एसी नगर का स्वास्थ्य केंद्र अब नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। परिसर में अक्सर शराब की खाली बोतलें पड़ी मिलती हैं। गेट टूटा होने के कारण लावारिस पशु केंद्र के अंदर आकर बैठ जाते हैं, वहीं आसपास के लोग अपने निजी वाहन परिसर में खड़े कर देते हैं। इससे मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। केंद्र के अंदर लंबे समय से जमा गंदा पानी मच्छरों को पनपने का कारण बन रहा है। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को इस बात का डर बना रहता है कि कहीं वे यहां से कोई नई बीमारी न ले जाएं। कुछ दिन पहले स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की घटना भी हुई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है।