बारिश के दिनों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने उन विद्यालयों में छुट्टी रखने का फैसला लिया है, जो नदी-नालों के पास हैं। जबकि, उन विद्यालयों में भी छुट्टी रहेगी जहां के बच्चे नदी पार कर पहुंचते हैं। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारी को आपसी समन्वय से तत्काल अवकाश घोषित करने के लिए अधिकृत किया गया है। इसके लिए संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य को आपदा के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी को सूचित करना होगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि जिले में कई ऐसे स्कूल हैं, जो बरसाती नालों के पास हैं। कई बच्चों को नदी पार कर स्कूल पहुंचना पड़ता है। बारिश के दिनों में नदी-नालों के उफान पर होने से स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से बारिश की चेतावनी जारी करने और नदियों का जलस्तर बढ़ने पर नदी-नालों के आसपास के विद्यालयों में छुट्टी की जाएगी। इसके लिए ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी व उप शिक्षा अधिकारी विद्यालयों में तत्काल अवकाश घोषित कर सकेंगे।