प्रदेश के लघु उद्योग राज्य मंत्री वैश्य नटवर गोयल अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के दिवंगत सदस्य बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री नटवर गोयल ने इस दौरान वन नेशन वन इलेक्शन का जोरदार समर्थन किया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार चुनाव होते रहते हैं, जिससे समय और संसाधनों की भारी बर्बादी होती है। अधिकारी और कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिससे जनता के कार्य प्रभावित होते हैं। वहीं मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक भी जनता की सेवा करने के बजाय चुनावी गतिविधियों में ही उलझे रहते हैं। यदि एक साथ चुनाव कराए जाएं तो लगभग सात लाख करोड़ रुपये की बचत होगी, जिसे विकास कार्यों में लगाया जा सकता है। उन्होंने लघु उद्योगों और युवाओं के रोजगार को लेकर भी सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। गोयल ने बताया कि एमएसएमई के माध्यम से लाखों युवाओं को स्वरोजगार का अवसर मिला है। साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना किसी ब्याज और गारंटी के उपलब्ध कराया जा रहा है। उनका कहना है कि हर युवा सफल होगा तो उसके साथ कई अन्य लोगों को भी रोजगार मिलेगा।