सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में कोंडागांव जिले की लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। इस भव्य समारोह की मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रहीं, जिनके करकमलों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नृत्य दल को सम्मानित किया गया। लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल की प्रस्तुति ने मंच पर उपस्थित दर्शकों के साथ-साथ निर्णायक मंडल को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा, मांदरी की गूंजती थाप और अनुशासित समूह नृत्य ने जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इससे पहले यह दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ था। इस उपलब्धि पर कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने नृत्य दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन से कोंडागांव जिले का नाम पूरे राज्य में गौरवान्वित किया है। यह सफलता हमारे जिले की समृद्ध जनजातीय कला-संस्कृति और कलाकारों की प्रतिभा को दर्शाती है। नृत्य दल की सदस्य आरती नेताम, निवासी हरवेल ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह मुकाम वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर से शुरू हुई उनकी यह यात्रा आज राज्य स्तरीय मंच तक पहुँची और राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। आरती नेताम ने जिला प्रशासन द्वारा मिले सहयोग और अवसरों के लिए आभार भी व्यक्त किया। लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल की यह सफलता न केवल कलाकारों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि कोंडागांव जिले की लोक कला और जनजातीय पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली उपलब्धि मानी जा रही है।