फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोंडागाव में किसानों का आक्रोश, बनियागांव में नेशनल हाईवे-30 पर चक्का जाम, प्रशासन की पहल से बहाल हुआ यातायात

कोंडागांव में धान संग्रहण केंद्रों से नियमित रूप से धान का उठाव नहीं होने के कारण कोंडागांव जिले में खरीदी व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार बन रही अव्यवस्था और धान बेचने में आ रही दिक्कतों से नाराज किसानों का गुस्सा बुधवार सुबह सड़कों पर फूट पड़ा। बनियागांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर किसानों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और यात्री बसों सहित सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। किसानों ने धान से लदे ट्रैक्टरों को सड़क के बीच खड़ा कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम की वजह से स्कूल बसें, एंबुलेंस और मालवाहक वाहन भी प्रभावित हुए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद किसानों का कहना था कि धान खरीदी केंद्रों में न तो समय पर टोकन मिल रहा है और न ही धान का उठाव हो पा रहा है, जिससे वे कई दिनों से परेशान हैं। चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एडिशनल एसपी कौशलेंद्र देव पटेल, तहसीलदार मनोज रावटे और थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन के दौरान किसान परेश कोर्राम ने बताया कि टोकन काटने की प्रक्रिया जटिल होने के कारण कई किसानों का धान अब तक नहीं बिक पाया है। वहीं किसान सियाराम सोढ़ी ने आरोप लगाया कि 100 से अधिक किसानों के टोकन अब तक नहीं कट सके हैं, जिससे खरीदी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। इधर, बनियागांव के कांग्रेसी नेता नंदू दीवान ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भाजपा की साय सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और इसे किसानों के साथ अन्याय बताया। तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि किसानों की मांगों को ध्यान में रखते हुए तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई गईं। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिसके पश्चात नेशनल हाईवे-30 पर यातायात बहाल हो सका। हालांकि, किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे फिर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें