कोंडागांव में धान खरीदी में हो रही गंभीर अव्यवस्थाओं और किसानों को हो रही परेशानियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष ने ज्ञापन में कहा कि छत्तीसगढ़ को किसानों का प्रदेश और धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में अन्नदाता किसान सबसे अधिक परेशान हैं। किसानों को अपने ही उपज के धान को बेचने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। एग्रीटेक के नाम पर किसानों का रकबा काटा जा रहा है, टोकन कटवाने के लिए कई दिनों तक लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, वहीं खरीदी केंद्रों में लिमिट कम किए जाने से किसान मजबूरन बाजार में कम दाम पर धान बेचने को विवश हैं। कांग्रेस के मोहन मरकाम ने आरोप लगाया कि रकबा कटौती और धान खरीदी में हो रही अनियमितताओं के कारण किसान मानसिक तनाव में हैं और आत्मघाती कदम तक उठाने को मजबूर हो रहे हैं, जबकि शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जब किसान अपनी समस्याएं लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचते हैं, तो उन्हें संतोषजनक ढंग से सुना तक नहीं जाता, समाधान की बात तो दूर है। रवि घोष ने कहा कि जिले के विभिन्न लेम्पसों से लगातार किसानों के प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं, जो स्पष्ट रूप से किसान विरोधी व्यवस्था को दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी इन किसान विरोधी नीतियों की कड़ी निंदा करती है और किसानों के सम्मान व अधिकारों के लिए मैदान में है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।