फरसगांव थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसमें एक नाबालिग बालिका को जान से मारने की धमकी देकर मोटर सायकल में अपहरित कर बलात्कार किया गया। पुलिस ने इस वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को महज कुछ घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। घटना 17 फरवरी 2025 की रात लगभग 9 बजे की है जब पीड़िता शादी घर में थी, उसी दौरान एक नाबालिग लड़के ने दबाव डालकर उसे शादी घर से बाहर बुलाया। बाहर पहले से गुडेश्वर मरकाम मोटर सायकल के साथ मौजूद था, जो पीड़िता का स्कूल साथी है। दोनों ने मिलकर पीड़िता को जबरन मोटर सायकल पर बैठाकर खेत में बने एक लाड़ी में ले गए, जहां नाबालिग सहयोगी उसे छोड़कर चला गया। इसके बाद गुडेश्वर मरकाम ने नाबालिग को धमकाते हुए उसकी मर्जी के बिना बलात्कार किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुडेश्वर मरकाम निवासी बेसवापारा गारे (रांधना) और घटना में शामिल नाबालिग को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल भी जप्त कर ली। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोंडागांव पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर लगातार त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहे।