छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पुरानी बस्ती प्राचीन राजराजेश्वरी भगवती मां महामाया देवी मंदिर न्यास की ओर से 19 जनवरी से 26 जनवरी तक गुप्त नवरात्रि महोत्सव और श्रीमद् भागवत् कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
भागवत कथा मथुरा वृंदावन के महाराज मारूतिनंदनाचार्य वागीश सुनाएंगे। न्यास समिति के अध्यक्ष व्यास नारायण तिवारी, आयोजन समिति के समन्वय वरिष्ठ सदस्य चंद्रशेखर दुबे, न्यास समिति के सचिव दुर्गा प्रसाद पाठक एवं मंदिर व्यवस्थापक पं विजय कुमार झा ने शनिवार को चर्चा में बताया कि महाराज 18 जनवरी को शाम पांच बजे विमान से माना विमानतल पहुंचेंगे। इस दौरान उनका भव्य स्वागत करते हुए बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ महामाया देवी मंदिर परिसर स्थित गुरु सदन लाया जाएगा। 19 जनवरी को महामाया देवी मंदिर प्रांगण से पूजा अर्चना बाद भव्य शोभायात्रा निकलेगी। इस दौरान महाराज का शहर के चौक चौराहों पर भव्य स्वागत किया जाएगा।