रायगढ़ में सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर दर्जन से भी अधिक गांव के ग्रामीणों ने सड़क में उतरकर आंदोलन का रूख अख्तियार कर लिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद आज तलक उनके क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य शुरू नही हो सका जिस वजह से उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड रहा है। तमनार क्षेत्र के हुंकराडिपा-मिलुपारा की खराब सड़क को लेकर चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें बारिश थमने के बाद 15 अक्टूबर से सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन इसके बावजूद आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। हुँकराडिपा-मिलुपारा की सड़क करीबन 10-12 गांवों को तमनार से जोड़ती है। धरना प्रदर्शन में बैठी महिला ने कहा कि धान कटाई के समय वे अपना सारा काम धाम छोड़कर चक्काजाम में बैठी है। यहां की खराब सड़क की वजह से उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने कहा जब वे अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं तो उनका पूरा कपड़ा काला हो जाता है। तमनार पहुंचने के लिये उन्हें 5 किलोमीटर दूर दूसरे मार्ग से होकर जाना पड रहा है।