मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को महासमुंद जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बसना ब्लॉक के गढ़फुलझर स्थित नानकसागर पहुंचकर होला मोहल्ला कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया और विशेष कीर्तन समागम व अरदास में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गढ़फुलझर की पावन भूमि पर स्थित नानकसागर अत्यंत पवित्र स्थल है, जहां पूज्य गुरु नानक देव जी के चरण पड़े थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती महान संतों की तपोभूमि रही है और नानकसागर भी उन्हीं पवित्र स्थलों में से एक है। यहां आकर उन्हें गर्व और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों का विकास किया जाए। इसी दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है और पर्यटन के क्षेत्र में नानकसागर को भी विकसित करने की योजना बनाई गई है, ताकि यह स्थल धार्मिक और पर्यटन दोनों दृष्टि से और अधिक समृद्ध हो सके। मुख्यमंत्री के आगमन पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।