छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के महासमुंद प्रवास के दौरान जिले को करीब 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और शहर के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य भी रखा।
उप मुख्यमंत्री ने नए बस स्टैंड के विकास के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये और नए नगर पालिका कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महासमुंद भी आने वाले समय में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए प्रदेश में 38 नालंदा परिसरों को भी मंजूरी दी गई है।
कार्यक्रम में साहू सदन के पास 25.07 लाख रुपये के डोम शेड, 2.40 करोड़ रुपये से सूखे एवं गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र सहित सड़क, नाली और पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा महासमुंद में 12.75 करोड़ रुपये से इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी का निर्माण और संचालन-संधारण होगा। वार्ड क्रमांक 29 और 11 में करीब 4.41 करोड़ रुपये से उच्चस्तरीय जलागार समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि यह शहर हमारा है, इसका मान-सम्मान और गौरव हम सभी का गौरव है।