उरगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ी घटना घटित हुई। नहर किनारे काम कर रही एक जेसीबी अनियंत्रित होकर अचानक पानी के तेज बहाव में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने पहले वाहन को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन रिटर्न लेने के दौरान जेसीबी फिर से नहर में पलट गई। इस पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद बाइक सवार युवकों ने बनाया। जेसीबी के नहर में गिरने के बाद चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक के पानी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही नगर सेना की रेस्क्यू टीम को बुलाकर लापता चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेसीबी वाहन भलपहरी निवासी लक्ष्मी कुमार का है। पुलिस फिलहाल वाहन मालिक और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। नहर में गिरे वाहन को बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है, वहीं लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू टीम भी जुटी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।