फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Korba Fire: कोरबा नगर निगम में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, कर्मचारियों ने समय रहते काबू पाया; बड़ा हादसा टला

Thu, 21 May 2026 06:01 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

गुरुवार की दोपहर नगर निगम कोरबा के मुख्यालय में इलेक्ट्रिक पैनल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ऊपरी मंजिल स्थित स्थापना शाखा के बीच लगी, जिससे पूरे भवन में हड़कंप मच गया। घटना के समय नगर निगम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आम जनता मौजूद थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर अचानक स्थापना शाखा से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग और घना धुआं देखकर लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस अफरा-तफरी के बीच एक विकलांग महिला भी किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकलती नजर आई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाई। भवन में रखे फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से कर्मचारियों ने खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। समय रहते किए गए प्रयासों से आग को फैलने से रोक लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक कर्मचारियों ने स्थिति नियंत्रित कर ली थी।

आग से स्थापना शाखा का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। पूरी ऊपरी मंजिल धुएं से भर गई और दीवारें काली पड़ गईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, स्थापना शाखा के साथ-साथ आसपास की कई शाखाओं में महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। आग से दस्तावेजों को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी और इलेक्ट्रिक पैनल पर ओवरलोड के चलते शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। गर्मी के कारण शहर में बिजली की खपत बढ़ी है, जिससे पैनल पर अतिरिक्त दबाव था। नगर निगम प्रशासन ने पूरे मामले की तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं।

इस घटना ने नगर निगम भवन की फायर ऑडिट और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते कर्मचारियों ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती, तो आग अन्य शाखाओं तक फैल सकती थी और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर खाक हो जाते। साथ ही,लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

फिलहाल, स्थिति सामान्य है और ऊपरी मंजिल में साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी इलेक्ट्रिक पैनलों की जांच कराई जाएगी और फायर सेफ्टी को और मजबूत किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें