फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Korba: कार सवारों ने युवक पर चढ़ाई गाड़ी, घटना का वीडियो वायरल, ASI का बेटा गंभीर, आरोपियों की तलाश में पुलिस

Sun, 07 Jun 2026 03:18 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा में मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग तक शनिवार-रविवार की मध्य रात लगभग 1 से 3 बजे के बीच बोलेरो सवारों ने जमकर आतंक मचाया। बोलेरो सवारों ने पहले युवकों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, फिर एक युवक को कुचलकर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।

गंभीर घायल युवक चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू जिला पुलिस बल में कार्यरत एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र है। वह अपने मित्रों के साथ कार में था। बोलेरो सवारों ने रास्ता छोड़ने को लेकर बेवजह विवाद किया। जैसे ही चंद्रमणि कार से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचा, बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार से गाड़ी आगे बढ़ा दी और उसे टक्कर मारकर भाग निकला। साथी युवक किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे।

घटना के बाद साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर ने स्कूटी से दुर्घटनाकारित बोलेरो का पीछा किया। बलगी मार्ग में हमलावरों ने अरविंद को पकड़कर जबरन कार में बिठाया। करीब 25 से 30 युवकों ने मिलकर अरविंद की बेरहमी से पिटाई की। उसे मरा हुआ समझकर वहीं फेंक दिया गया। हमलावर उसकी जेब से एक लाख रुपए, आईफोन, सोने की अंगूठी और गले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

इस पूरे घटनाक्रम में गभीर रूप से घायल दोनों युवकों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंद्रमणि रात्रे की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। वहीं अरविंद के हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेकर जांच की जा रही है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम आरोपियों की धरपकड़ में लगी है। कुछ युवकों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। अन्य हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें