कबीरधाम जिले की पुलिस चौकी पोंडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिल्हाटी स्थित बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। देर रात एक नकाबपोश बदमाश मंदिर में घुसकर भगवान के श्रृंगार में प्रयुक्त करीब 20 तोला चांदी का त्रिपुंड और मुकुट चोरी कर ले गया। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब दो बजे एक नकाबपोश युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने सुनियोजित तरीके से मंदिर के भीतर प्रवेश कर भगवान के श्रृंगार में लगे चांदी के त्रिपुंड और मुकुट को निकाल लिया और मौके से फरार हो गया। सुबह मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। धार्मिक स्थल में चोरी की घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर आस्था का केंद्र है और यहां चोरी होना पूरे क्षेत्र की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने रविवार को पुलिस चौकी पोंडी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में चोरी हुए चांदी के आभूषणों का विवरण देते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गई है। समिति ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग प्रशासन से की है।
उधर, पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जाएगी।