फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'विश्वास दिलाकर बनाया शिकार': शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, शिकायत के बाद आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे

Wed, 29 Jul 2026 09:04 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर चाम्पा

सक्ती जिले में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शादी का वादा कर युवती का विश्वास जीतने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बिलासपुर में दर्ज शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने पहले बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि आरोपी विशाल वर्मा ने शादी का भरोसा दिलाकर सक्ती क्षेत्र के एक लॉज में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना सक्ती थाना क्षेत्र की होने के कारण केस डायरी वहां भेजी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया।

आरोपी विशाल वर्मा (28), निवासी वार्ड क्रमांक-7, मस्जिद के पीछे, सक्ती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें