फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Janjgir-Champa: पुरानी रंजिश में दोस्त का कत्ल, गला दबाकर की हत्या, शव छिपाने खेत में खोदा गड्ढा

Sun, 12 Jul 2026 07:06 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर-चांपा

सक्ती पुलिस ने 13 वर्षीय बालक कपिल कुमार केंवट की हत्या के सनसनीखेज मामले का महज 40 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में परसदा खुर्द निवासी हेमंत कुमार केंवट (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते बालक की गला दबाकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को कपिल कुमार केंवट घर से लापता हो गया था। परिजनों ने बताया कि गांव का हेमंत कुमार केंवट उसे अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में गठित टीम ने संदेही हेमंत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से कई घंटे पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात महीने पहले ग्राम हरदा के युवकों से उसका विवाद हुआ था। उसे शक था कि कपिल ने ही हरदा के युवकों को उसके बारे में जानकारी दी थी, जिसके कारण वह उससे नाराज था और बदला लेना चाहता था। घटना वाले दिन आरोपी कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का झांसा देकर अपने साथ बोर घर ले गया। वहां उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रापा से गड्ढा खोदकर शव को खेत में दफना दिया तथा पहचान छिपाने के लिए मृतक के कपड़ों को दूसरे खेत में फेंक दिया।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया गया। शव की पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रापा और मृतक के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। यह मामला सक्ती पुलिस की त्वरित विवेचना और वैज्ञानिक जांच का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें