सक्ती जिले में अडभार थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 9वीं कक्षा के छात्र का शव खेत में दफन मिला है। घटना से पूरे इलाके में चर्च बना हुआ है। मृतक की पहचान कपिल कुमार केवट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कपिल कुमार केवट पिछले तीन दिनों से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक खेत में शव दफन है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। खेत की खुदाई कर छात्र का शव बाहर निकाला गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।