फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नदी में डूबा सॉफ्टवेयर इंजीनियर का छात्र: शबरी घाट में नहाने के दौरान डूबा युवक, बचाव दल ने बरामद किया शव

Mon, 29 Jun 2026 03:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर-चांपा

सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरीमठ निवासी 26 वर्षीय आशीष कुर्रे की चंद्रपुर स्थित महानदी के शबरी घाट में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस हादसे से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे आशीष कुर्रे अपने दोस्तों के साथ चंद्रपुर के नाथलदाई-प्रभात पिकनिक स्पॉट के पास स्थित शबरी घाट घूमने गया था। इस दौरान सभी दोस्त महानदी में नहा रहे थे। नहाते समय आशीष अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस एवं बचाव दल ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

बताया जा रहा है कि आशीष कुर्रे नवोदय विद्यालय का पूर्व छात्र था और वर्तमान में पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह छुट्टियों में अपने पैतृक गांव देवरीमठ आया हुआ था। इसी दौरान अपने पुराने दोस्तों के साथ चंद्रपुर घूमने गया था, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।

परिजनों और परिचितों के अनुसार, आशीष एक होनहार, मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें