जिले के ग्राम मुड़पार में हनुमान जी की मूर्ति से तोड़फोड़ की गई। असामाजिक तत्वों ने बीती रात मंदिर में रखी मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की है। ग्राम मुड़पार के छोटे मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति विराजमान थी, जहां गांव के ग्रामीण पूजा अर्चना करते थे। रविवार की बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने हनुमान जी की मूर्ति के साथ अभद्रता की। उन्होंने हिंदू धर्म की भावनाओं के साथ छेड़खानी की, जोकि असहनीय था। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया।
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने हनुमान जी की मूर्ति वाले घटनास्थल का निरीक्षण किया। धार्मिक भावना को देखते हुए गांव का माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने निर्देश दिए। एएसपी उमेश कश्यप पुलिस टीम के साथ चक्का जाम वाली जगह पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देकर चक्का जाम समाप्त कराया।
जांच और मामला दर्ज
चक्का जाम करीब चार घंटे तक चला। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। एएसपी उमेश कश्यप ने कड़ी कार्रवाई और अपराध दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्का जाम समाप्त किया गया। असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की जा रही है, जिसमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाशी भी शामिल है।