फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dhamtari: राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुश्ती के दांव-पेंच से गूंजा इंडोर स्टेडियम, कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला

Fri, 21 Aug 2026 09:37 PM IST
धमतरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धमतरी

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को आमापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग के कुश्ती मुकाबले उत्साह और खेल भावना के बीच आयोजित हुए। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का जायजा लेने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा भी इंडोर स्टेडियम पहुंचे।

कलेक्टर ने विभिन्न कुश्ती मुकाबलों का अवलोकन कर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से बातचीत कर प्रतियोगिता के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ठहरने, भोजन, पेयजल, खेल सामग्री, प्रशिक्षण, परिवहन, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर खिलाड़ियों से सीधे फीडबैक लिया।

खिलाड़ियों ने भी कलेक्टर से अपनी आवश्यकताओं और व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी साझा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को खिलाड़ियों की सुविधाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा को पहचान देने, सीखने और नए अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि खेल में सफलता केवल जीत तक सीमित नहीं होती, बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास, धैर्य और खेल भावना भी एक खिलाड़ी की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से बिना किसी दबाव के पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से खेलने का आह्वान किया। कलेक्टर ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खिलाड़ियों की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन, खेल सामग्री और चिकित्सा व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें: Korba: वीआईपी रोड पर कार और ई-रिक्शा में जोरदार भिड़ंत, 4 घायल, मौके पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे युवक

उन्होंने कहा कि खेल आयोजन सिर्फ पदक और प्रतियोगिता तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है। इसलिए आयोजन की हर व्यवस्था में गुणवत्ता और संवेदनशीलता का ध्यान रखना जरूरी है।

कलेक्टर ने प्रशिक्षकों से खिलाड़ियों की जरूरतों और प्रशिक्षण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए सकारात्मक और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

धमतरी में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलने के साथ-साथ अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों से सीखने और अपनी क्षमता को निखारने का मौका भी मिल रहा है। इंडोर स्टेडियम में कुश्ती मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें