छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया है। शनिवार को न्यू सर्किट हाउस, बिलासपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं, जिससे देश आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए चंद्राकर ने कहा कि “कांग्रेस का चरित्र ऊपर चाटने और नीचे काटने का है। दिल्ली में जाकर एक परिवार की चापलूसी करते हैं और नीचे आकर अपने ही नेताओं को नीचा दिखाते हैं। यही कांग्रेस की असली पहचान है।” मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिंघार के पास कोई अनुभव नहीं है। वे सिर्फ कमलनाथ के साथ एक बार मंत्री रहे और हमेशा उनके पीछे-पीछे घूमते हैं। चंद्राकर ने उन्हें “कमलनाथ का रिमोट और परजीवी” बताते हुए कहा कि उमंग अपनी योग्यता से नहीं, बल्कि दबाव और परिस्थितियों से नेता प्रतिपक्ष बने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं में जनता के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है, वे दिल्ली दरबार में खुशामद में लगे रहते हैं। चंद्राकर ने कहा कि आज वही कांग्रेस नेता विष्णुदेव साय जैसे जनसेवकों पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि खुद की कोई विश्वसनीयता नहीं है।