प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रोजगार मेले के अंतर्गत शनिवार को सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किया। नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में हो रही हैं। देश भर से चुने गए नए कर्मचारी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय सहित अन्य विभागों और मंत्रालयों में शामिल होंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर पीएम ने नियुक्त लोगों को संबोधित भी किया। देश भर में रोज़गार मेलों के माध्यम से अब तक 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।16 वां रोज़गार मेला देशभर के 47 जगहों पर आयोजित हुए। बिलासपुर में एनईआई सभागार आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में 185 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसमें रेलवे के 173 अभ्यर्थियों सहित केंद्रीय सेवाओं के अन्य विभागों के नवनियुक्त अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की खुशी उनके चेहरे पर झलक रही थी, उन्होंने सरकार का आभार जताया।