भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की सिलसिलेवार घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तरुण निकुसे (22 वर्ष), निवासी मातादेवालय वार्ड, भाटापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से चोरी की ₹1,80,000 मूल्य की 04 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कर्ज चुकाने के लिए चुना चोरी का रास्ता पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बी.कॉम प्रथम वर्ष तक पढ़ा हुआ है। पहले वह पेट्रोल पंप में मैनेजर की नौकरी करता था, फिर ट्रांसपोर्टिंग के काम में आ गया। उसने तीन चारपहिया वाहन फाइनेंस पर खरीदे थे, लेकिन ट्रांसपोर्टिंग का काम ठीक से नहीं चलने के कारण भारी कर्ज में डूब गया। दो वाहन फाइनेंस कंपनी ने जब्त कर लिए, जबकि एक वाहन की किस्त बाकी थी। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी करने का फैसला किया। बिना लॉक किए गाड़ियों को बनाता था निशाना बिना लॉक की गई मोटरसाइकिलों को चोरी करने का टारगेट बनाता था। चार जगहों में दिया चोरी को अंजाम आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भाटापारा में जान-पहचान और जल्द पकड़े जाने के डर से दूसरे जिलों में जाकर मोटरसाइकिल चोरी करता था। 1. 09 मार्च 2025 – तिल्दा-नेवरा, रायपुर से स्कूटी जूपिटर चोरी 2. 10 मार्च 2025 – तिल्दा-नेवरा से नीली स्कूटी जूपिटर चोरी 3. 12 मार्च 2025 – भाटापारा के सतनाम टॉवर के पास से बिना नंबर की एक्टिवा चोरी 4. 15 मार्च 2025 – अर्जुनी शराब भट्टी के पास से होंडा शाइन मोटरसाइकिल चोरी पुलिस ने किया गिरफ्तार भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को 17 मार्च 2025 को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों को पार्किंग के दौरान हमेशा लॉक करें ताकि चोरी की घटनाओं से बचा जा सके।