फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambikapur News: राष्ट्रपति के अपमान पर भाजपा ने बंगाल सीएम का पुतला फूंका, आदिवासी समाज में रोष

Mon, 09 Mar 2026 07:25 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा और आदिवासी समाज के लोगों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को अंबिकापुर के घड़ी चौक पर ममता बनर्जी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में अजजा मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी पैकरा के नेतृत्व तथा भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष की मौजूदगी में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनजाति समाज के लोग घड़ी चौक पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।

जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने राष्ट्रपति के प्रति असम्मानजनक व्यवहार कर राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है, जिसकी भाजपा कड़ी निंदा करती है। वहीं अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी पैकरा ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया और कार्यक्रम के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को रिसीव करने मुख्यमंत्री स्वयं नहीं पहुंचीं और प्रशासन को भी कार्यक्रम में शामिल होने से रोका गया। साथ ही संथाल समाज के लोगों को भी कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया गया, जिसका आदिवासी समाज विरोध करता है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह ने कहा कि एक आदिवासी महिला के रूप में राष्ट्रपति का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की लापरवाही से राष्ट्रपति का अपमान हुआ है, जिसकी कड़ी निंदा की जाती है।

प्रदर्शन के दौरान पूरन टेकाम, निश्चल प्रताप सिंह, रुपेश दुबे, अंकित तिर्की, बंशीधर उरांव, अनिल निराला, कमलेश टोप्पो, रविकांत उरांव, अनिल तिवारी, महेंद्र सिंह, सुशीला मिंज, रजनी बिंद, अवधेश केरकेट्टा, दुर्योधन पैकरा, संजय कुसरो, अर्जुन मुंडा, शिवमंगल सिंह, परमेश नेताम, जितेंद्र कुजूर, बिहारीलाल उरांव, उमेश अग्रवाल, दिनेश शुक्ला, अरविंद गुप्ता, सतीश सिंह, सत्यम सिंह, गोल्डी बिहाड़े, कुणाल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें