फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेट्रोल पंप मैनेजर से लूट का राजफाश: पूर्व कर्मचारी ने बदला लेने के लिए रची साजिश, मास्टरमाइंड समेत चार पकड़े

Thu, 14 May 2026 05:58 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

सरगुजा पुलिस ने पेट्रोल पंप मैनेजर से हुई लूट की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीन आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है, जबकि एक नाबालिग को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गांधीनगर निवासी शिवचंद वर्मा ने सात मई को थाना दरिमा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह कुम्हारता-नचाई स्थित वेदिका पेट्रोल पंप से हिसाब-किताब कर 61 हजार 670 रुपये लेकर अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान नचाई चौक के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोका। 

आरोपियों ने चेहरा ढँक रखा था और धमकाते हुए नकदी, मोबाइल, हिसाब की डायरी तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान दरिमा से गांधीनगर मार्ग पर लगे निगरानी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया, आकाश झारिया, निशांत नगेसिया और एक अन्य के रूप में हुई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पहले वेदिका पेट्रोल पंप में काम करता था। शादी के लिए बिना अनुमति 30 हजार रुपये लेने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद उसने बदला लेने की नीयत से अपने साथियों के साथ लूट की साजिश रची।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आकाश झारिया और निशांत नगेसिया सहित अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटर जब्त की गई है। इस पूरे मामले की कार्रवाई में थाना दरिमा और गांधीनगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल की टीम ने भी जांच में अहम सहयोग दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें