पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में सीनेट चुनाव को लेकर धरने पर बैठे छात्रों ने शुक्रवार को पुलिस और पीयू चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर विक्रम सिंह के खिलाफ डीडीआर दर्ज कराई है। छात्रों द्वारा पुलिस पर बुधवार को बिना महिला सुरक्षाकर्मियों के छात्राओं पर लाठीचार्ज करने और उनपर गोली चलाने की धमकी को लेकर शिकायत की है। छात्रों ने आरोप लगाए हैं कि लाठी चार्ज के दौरान छात्राओं के साथ पुलिस ने बदसलूकी की। उस समय मौके पर कोई महिला सुरक्षाकर्मी नहीं थी। वहीं पीयू के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर पर 14 छात्रों के खिलाफ पर्चा करने और घटना के दौरान लाठी से वार करने को लेकर शिकायत दी है। छात्रों ने स्पष्ट किया कि वह लॉ विभाग की ओर कुलपति का घेराव करने जा रहे थे, उनका मुख्यमंत्री भगवंत मान की सुरक्षा से खिलवाड़ का कोई इरादा नहीं था।