मनीमाजरा इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चोर दिनदहाड़े घरों और दुकानों में घुसकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार को पिपली वाला टाउन की आरे वाली गली में स्थित मकान नंबर-2017 में एक चोर ने दिनदहाड़े करीब तीन बजे घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने के गहने चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर ने मकान की पहली मंजिल पर स्थित कमरे को निशाना बनाया। यहां से उसने अलमारी में पड़ी एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ा इयररिंग्स और चांदी की पाजेब और चेन चोरी कर ले गया, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के समय मकान के नीचे हिस्से रहने वाले मालिक अवतार सिंह ने बताया कि यहां मिस्त्री काम कर रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोर बिना किसी रोकटोक के घर में दाखिल हो गया। पहली मंजिल पर रहने वाले किराएदार अनुरोध के कमरे में घुस गया। उस समय अनुरोध की पत्नी ज्योति शर्मा तीसरी मंजिल की छत पर से कपड़े उतारने गई हुई थी। इसी दौरान चोर ने कमरे की कुंडी खोलकर अंदर से गहने समेटे और फरार हो गया। इस पूरी वारदात की घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। है, जिसमें चोर घर में घुसते और बाहर निकलते हुए साफ दिखाई दे रहा है। वहीं मनीमाजरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मनीमाजरा के व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मनीमाजरा में कोई शातिर गिरोह सक्रिय है, जो रोजाना किसी न किसी घर या दुकान को निशाना बना रहा है। बुधवार को मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर-2 के पास खड़े एक रिक्शा को चोर चोरी कर ले गए। वहीं एक क्रॉकरी शॉप से बाइक सवार दो युवक मिक्सी-ब्लोअर उठाकर फरार हो गए थे। इससे पहले मोरी गेट बाजार से एक दुकान से होम थिएटर चोरी हुआ और उसी दिन एक अन्य दुकान से मोबाइल भी चुरा लिया गया। लगातार सामने आ रही सीसीटीवी फुटेज के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।