चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र सीनेट में संशोधन के प्रस्ताव के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। हालांकि केंद्र इसकी नोटिफिकेशन वापस ले चुका है, लेकिन अब छात्र सीनेट चुनाव की तारीख तय होने तक प्रदर्शन कर रहे हैं। आज पंजाब यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन की काॅल है। इससे पहले देर रात तक खूब हंगामा हुआ। पंजाब विश्वविद्यालय में चल रहे धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रहे हरियाणा के किसानों को मनीमाजरा पुलिस ने रोक दिया है। मनीमाजरा सीमा पर हरियाणा से आ रहे करीब 20 किसानों को फन रिपब्लिक से पीछे वाले बैरियर से पड़कर मनीमाजरा पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। उधर, पीयू में धरने पर लाउड स्पीकर को पुलिस ने बंद करवा दिए हैं। पंजाब विश्वविद्यालय बचाओ मोर्चा ने घोषणा की है कि उनका यह धरना अनिश्चितकालीन समय तक चलेगा। पंजाब यूनिवर्सिटी की हिन्दुस्तान स्टूडेंट एसोसिएशन के हरियाणा के रहने वाले युवा भी प्रदर्शन को तैयार हैं। पीयू पंजाब की है, इस बात का विरोध शुरू हो गया है। सूत्रों ने बताया कि एचएसए पार्टी इस बात का विरोध करने के लिए शाम 6 बजे गेट नंबर 1 से विरोध प्रदर्शन करेगी। उनका कहना है कि पंजाब यूनिवर्सिटी हरियाणा, हिमाचल और सभी राज्यों से आए छात्रों की है। उन्होंने कहा कि हर विरोध में वह साथ हैं, लेकिन पीयू पंजाब की है, इसका वह खुलकर विरोध करेंगे। किसान जत्थेबंदियों के लोग हाथों में झंडे लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी में घुस गए हैं। मोहाली फेज छह में किसान जत्थेबंदियों ने धरना लगाकर सड़क को जाम कर दिया गया है। तीनों तरफ से वाहनों को वापस भेजा जा रहा है। कई किलोमीटर तक ट्रैफिक जाम लग गया है।