लखीमपुर खीरी के मिश्राना निवासी मधुमिता शुक्ला की छोटी बहन निधि शुक्ला की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह मधुमिता शुक्ला की हत्या में दोषी साबित हो चुके पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमनमणि को कांग्रेस से टिकट देने का विरोध कर रही हैं। इधर कांग्रेस के प्रदेश सचिव संजीव पांडेय ने अमनमणि को टिकट न देने का भरोसा जताया है। कांग्रेस नेता और मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला अपनी बहन के हत्यारे अमरमणि त्रिपाठी व उनके परिवारजन को टिकट दिए जाने से नाराज होकर करीब पांच दिनों से अनशन पर बैठी हैं। शनिवार अलसुबह तीन बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। सुबह करीब छह बजे बेहोशी की हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर के मुताबिक अब उनके स्वास्थ्य में सुधार है।