उत्तरकाशी के नाल्ड गांव पहुंचकर मृतक पोर्टर के परिजनों को सांत्वना देते जिले के प्रभारी मंत्री ?
- फोटो : UTTER KASHI
उत्तराखंड सरकार के काबीना व जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने मृत पोर्टरों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। जोशी ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपये की धनराशि दिए जाने के आश्वासन के साथ ही रोजगार व बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की भी बात कही। मृत पोर्टरों के परिजनों को चार-चार लाख की आर्थिक सहायता पहले ही दी जा चुकी है। 15 अक्तूबर को आईटीबीपी की टीम चार पोर्टरों के साथ नियमित गश्त के लिए नीलापानी चौकी से सीमा के लिए रवाना हुई थी। वापसी के दौरान बर्फबारी के चलते रास्ता भटकने से तीन पोर्टरों की मौत हो गई थी। तीनों पोर्टर स्थानीय युवा थे। बुधवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पाटा व नाल्ड गांव पहुंच कर पोर्टर दिनेश चौहान व संजय सिंह के परिजनों को सांत्वना दी। वहीं सिरोर गांव के पोर्टर राजेंद्र सिंह के परिजनों से गंगोरी में मुलाकात की। जोशी ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की मुआवजा राशि दी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त परिजनों को सीएम राहत कोष से भी एक-एक लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। उनके बच्चों की कक्षा एक से 12वीं तक की शिक्षा की जिम्मेदारी सरकार की होगी। बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश दिलाया जाएगा। मृतकों के परिवार के एक सदस्य को पीआरडी, उपनल, आंगनबाड़ी के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान स्यूणा गांव के ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री जोशी के समक्ष झूला पुल बनाने की मांग की। इसपर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी विनीता रावत, डुंडा शैलेंद्र कोहली, मोरी बचन सिंह पंवार, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश चौहान, प्रधान संगठन प्रदेश महामंत्री प्रताप रावत, जगमोहन सिंह रावत, पवन नौटियाल आदि मौजूद थे।
गंगोरी में जाम में फंसा मंत्री का काफिला
नाल्ड गांव से वापस आते समय प्रभारी मंत्री गणेश जोशी का काफिला गंगोरी में जाम में फंस गया। यहां राजमार्ग पर वाहनों के अव्यवस्थित पार्क होने से जाम लग गया। इसके बाद जोशी पैदल ही सरोर गांव के मृतक राजेंद्र के परिजनों से मिलने निर्धारित स्थान पर पहुंचे। जाम लगने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
पीएमजीएसवाई के ठेकेदार के खिलाफ दर्ज हो मुकदमा : जोशी
उत्तरकाशी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिशासी अभियंता अवस्थापना खंड के खिलाफ निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश डीएम को दिए हैं। योजनाओं के कार्यों की समीक्षा बैठक में अवस्थापना खंड के अधिशासी अभियंता उपस्थित नहीं हुए थे। वहीं पीएमजीएसवाई के ब्लैक लिस्टेड ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
बुधवार को जिला सभागार में जिला योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता अवस्थापना खंड के बैठक में उपस्थित नहीं होने पर उनके निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जल निगम व जल संस्थान को पेयजल योजनाओं के अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य विभागों को भी काम तेजी से पूरा करने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।