धरनास्थल पर बेहोश हुईं इंदिरा देवी को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।
- फोटो : UTTER KASHI
पार्ट टाइम दाई संगठन की अध्यक्ष इंद्रा देवी धरनास्थल पर बेहोश हो गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दाइयां 6 दिन से विभिन्न मांगों पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दाइयों की मांगों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है।
मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान पार्ट टाइम दाई संगठन की अध्यक्ष इंद्रा देवी बेहोश हो गईं। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां चिकित्सकों ने इंद्रा देवी की हालत खतरे से बाहर बताई है। प्रदर्शन में शामिल बुजुुर्ग दाई सोबती देवी, फ्यूंला देवी आदि ने कहा कि 6 दिन से बुजुर्ग दाइयां जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना दे रही हैं। दाइयां रात को धरना स्थल पर ही सोती हैं। सोने के लिए बिस्तर न होने के कारण अधिकांश दाइयों को बुखार की शिकायत भी है। वह कर्ज लेकर आंदोलन चला रही हैं। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण शहर में भोजन की भी दिक्कत हो रही है लेकिन प्रशासन उनके आंदोलन को गंभीरता से नहीं ले रहा है। अब दाइयों ने आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी है। वहीं सीएमओ डॉ. केएस चौहान ने कहा कि दाइयों की मांगों के संबंध में प्रस्ताव बना कर शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से कार्रवाई होनी चाहिए।