रंवाई घाटी में स्वीकृत मंडी समिति की शीघ्र स्थापना के लिए रंवाई घाटी फल एवं सब्जी उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन चंद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सीएम को नौगांव के लिए स्वीकृत मंडी से संबंधित दस्तावेज सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसपर सीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रंवाई घाटी फल एवं सब्जी उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन चंद ने बताया कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार ने रंवाई घाटी के केंद्र बिंदु नौगांव में मंडी समिति की घोषणा की थी जो अब तक नहीं खुल पाई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से चिह्नित सौली स्थित उद्यान विभाग की खाली पड़ी 0.546 हेक्टेयर भूमि को विभाग उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड को निशुल्क हस्तांतरित कर चुका है। मंडी के निर्माण के लिए देहरादून मंडी समिति की ओर से 990.04 लाख का प्राकलन नाबार्ड को स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। फल एवं सब्जी उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन चंद ने मुख्यमंत्री के समक्ष काश्तकारों की पीड़ा को रखते हुए कहा कि रंवाई घाटी फल एवं सब्जियों का हब है, यहां बड़ी मात्रा में सेब, टमाटर, फ्रेंचबीन, आलू, शिमला मिर्च, नाशपाती, पुलम, खुमानी समेत कई तरह की नकदी फसलों का उत्पादन होता है लेकिन स्थानीय मंडी न होने से काश्तकारों को फसल का सही दाम नहीं मिल पाता है। मंडी खुलने से काश्तकारों की आय भी दोगुनी होगी और बिचौलियों के चंगुल से भी छुटकारा मिलेगा।