यमुनोत्री धाम के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी में कार्डिक एंबुलेंस तैनात कर दी गई है। एंबुलेंस में ईसीजी सहित कई अन्य सुविधाएं भी मौजूद हैं। विभाग का कहना है कि इसका फायदा यात्रियों को मिलेगा।
मंगलवार को जानकी चट्टी में कार्डिक एंबुलेंस तैनात कर दी गई है। सीएमओ डा. केएस चौहान ने बताया कि एंबुलेंस के लिए ईसीजी तकनीकी सहायक भी उपलब्ध हो गया है। उक्त वाहन में ईसीजी की सुविधा है। इसके अलावा डीप फ्रेब्रिलेटर भी मंगाया है, जो जल्द ही उपलब्ध हो जाएगा। डा. चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए विभाग को चार अतिरिक्त चिकित्सक मिले हैं। इसके अलावा तीन फार्मासिस्ट व स्टाफ नर्स भी मिले हैं।
इन स्थानों पर हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण
यमुनोत्री धाम के यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दुबाटा (बड़कोट) व जानकीचट्टी में टीमें तैनात की हैं। जानकी चट्टी में यात्रियों के लिए अस्थाई पीएचसी भी बनाई गई है। जिसमें चार चिकित्सक तैनात हैं। इसके अलावा 2 फार्मासिस्ट व पुरुष स्टाफ नर्स भी तैनात किए गए हैं। दुबाटा में 2 चिकित्सक व फार्मासिस्ट तैनात किए गए हैं। गंगोत्री धाम के यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के लिए हिना व हर्षिल में टीमें तैनात की गई हैं। वहीं गंगोत्री धाम में अस्थाई पीएचसी बनाई गई है, जिसमें एक विशेषज्ञ (आर्थोपेडिक) चिकित्सक सहित दो चिकित्सक तैनात हैं। इसके अलावा यहां फार्मासिस्ट व स्टाफ नर्स भी तैनात किए गए हैं।
50 वर्ष से अधिक आयु वाले यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण
सीएमओ डा. केएस चौहान ने बताया कि 50 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी तीर्थयात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान यात्रियों को बीपी, शुगर, ऑक्सीजन लेवल आदि जांचा जा रहा है। यात्री के मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली जा रही है।
ऑक्सीजन सिलिंडर भी हैं उपलब्ध
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर ऑक्सीजन सिलिंडर भी उपलब्ध कराए गए हैं। सीएमओ डा. केएस चौहान ने बताया कि पोर्टेबल व जंबो ऑक्सीजन सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।