थाना बड़कोट में एक नेत्रहीन युवक के खिलाफ नाबालिग को भगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में नाबालिग के पिता ने पुलिस में शिकायत की थी। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस ने नाबालिग को शिकायत के तीन के भीतर ही बरामद कर लिया है।
नौगांव विकासखंड के एक व्यक्ति ने क्षेत्र के एक युवक पर उसकी नाबालिग बेटी को भगाने का आरोप लगाया है। व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नाबालिग को भगाने वाला युवक नेत्रहीन है, जिससे पुलिस कार्रवाई को लेकर असमंजस है। बीते 28 सितंबर को रात 8 बजे एक नाबालिग के पिता ने बेटी के दोपहर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज करने के तीन घंटे के भीतर करीब 11 बजे पुलिस ने नाबालिग को वन विभाग के बैरियर के समीप से बरामद कर लिया। नाबालिग अकेले थी। पुलिस का कहना है कि नाबालिग के पिता की शिकायत पर नेत्रहीन युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की पूरी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह का कहना है कि नाबालिग को बड़कोट बैरियर के समीप से बरामद किया गया है। आरोपी युवक नेत्रहीन है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।