रुद्रपुर जिला अस्पताल में ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना महामारी के बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में टीबी के मरीजों की भी संख्या बढ़ती जा रही है। जिला क्षय रोग केंद्र में पिछले करीब पांच माह से डॉक्टर का पद खाली होने के कारण सभी टीबी रोगी जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे कोरोना के साथ ही टीबी रोग के संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।
पुराना जिला अस्पताल परिसर स्थित जिला क्षय रोग केंद्र में सेवा विस्तार पर कार्य कर रहे डॉक्टर की उम्र 65 वर्ष होने पर वर्ष 2019 को उनके स्थान पर संविदा पर महिला डॉक्टर की तैनाती हुई थी। मार्च 2021 में महिला डॉक्टर को नियमित नियुक्ति मिलने के बाद उनका तबादला हो गया है। जिस कारण अब क्षय रोग केंद्र पर टीबी मरीजों की विभिन्न जांचें नहीं हो पा रही हैं। अधिकांश मरीज टीबी की जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। जबकि कुछ मरीज इलाज के बारे में जानकारी के लिए भी जिला पहुंच रहे हैं। वर्तमान में वायरल बुखार व अन्य बीमारियों का प्रकोप होने के कारण जिला अस्पताल के पंजीकरण कक्ष में पर्ची कटवाने व ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक है। अब पंजीकरण कक्ष व ओपीडी की लाइन में टीबी रोगियों के भी शामिल होने से टीबी संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिला क्षय केंद्र में शीघ्र नए डॉक्टर की तैनाती कर दी जाएगी।