बहुप्रतीक्षित टांडा क्रासिंग रुद्रपुर-सिडकुल हॉल्ट का शुभारंभ 7 अप्रैल होगा। इस हाल्ट का शुभारंभ सांसद भगत सिंह कोश्यारी करेंगे।
हाल्ट निर्माण के लिए अथक प्रयास करने वाले समाजसेवी केशव कुमार पासी ने बताया कि काशीपुर-लालकुआं रेल खंड के मध्य टांडा क्रासिंग पर बने हाल्ट स्टेशन का शुभारंभ सांसद कोश्यारी करेंगे।
उन्होंने बताया कि हाल्ट निर्माण को 27 अगस्त 2014 को स्वीकृति रेलवे से मिल गई थी। लेकिन 18 मार्च 2015 को वन विभाग ने आपत्ति लगा दी। बाद में वन विभाग के अधिकारियों को हाल्ट की आवश्यकता समझाने के बाद वहां से भी अनुमति मिल गई। रेलवे हाल्ट बनाने के लिए 10 लाख का श्रमदान कर मिट्टी भरान किया गया।
उन्होंने बताया कि तमाम अड़चनों के बाद अब इस हाल्ट स्टेशन का निर्माण पूरा हो पाया है। उन्होंने बताया कि हाल्ट निर्माण से काशीपुर से हल्द्वानी की दूरी 20 किमी कम हो जाएगी। हल्द्वानी की वर्तमान दूरी 84 किमी से जो घटकर 64 किमी रह जाएगी। काशीपुर से ट्रेन द्वारा इस हाल्ट पर 49 किमी की यात्रा 50 मिनट में पूरा कर पहुंचा जा सकेगा।
यहां से सड़क द्वारा 15 किमी पर हल्द्वानी और 11 किमी पर रुद्रपुर जाया जा सकेगा। इस हाल्ट के शुरू होने से काशीपुर, बाजपुर के लोगों के लिए रुद्रपुर एवं हल्द्वानी की यात्रा काफी आसान एवं सस्ती हो जाएगी। पासी ने बताया कि हाल्ट के उद्घाटन के समय मंडल रेल प्रबंधक सीएम जिंदल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अरुण कुमार सहित पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी उपस्थित रहेंगे।