कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। गंगापुर रोड पर नजूल की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम से जमीन की पैमाइश कराने और अतिक्रमण करने वालों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इधर, मेयर ने कहा है कि शिकायत करने के बहाने कुछ लोग नजूल की भूमि को खुर्दबुर्द करने की कोशिश में लगे हैं।
बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन कर डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि गंगापुर रोड में शैलजा शाह फार्म के पीछे नगर निगम की सात एकड़ जमीन है। एक नेता ने मंदिर बनवाकर जमीन के एक हिस्से में रख दिया है और इसकी आड़ में जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में मेयर से शिकायत की गई थी। उनका कहना है कि नगर निगम की पैमाइश में उक्त मंदिर नजूल भूमि में आ रहा है। कहा कि जमीन पर लिंटर डालकर अतिक्रमण की कोशिश भी हो चुकी है। कहा कि इस जमीन की पश्चिम दिशा में एक तालाब भी था। नगर निगम ने कूड़ा लाकर तालाब को पाटने का प्रयास किया है। उन्होंने पूरे प्रकरण में मेयर की भूमिका को संदिग्ध करार दिया है। उन्होंने डीएम से पूरी जमीन की पैमाइश करने और अतिक्रमण मिलने पर ध्वस्त करने की मांग की। इसके साथ ही अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहां पर अखिलेश अग्रवाल, विजय बाजपेई, मुकेश चौहान, वीरेंद्र यादव, प्रतिभा यादव, किरन विर्क, सुनील यादव सहित अनेक मौजूद रहे। इधर मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि नजूल की जमीन की पूर्व में पैमाइश कराई गई थी और यह मंदिर नजूल की जमीन से बाहर था। लेकिन शंका होने पर सोमवार को राजस्व, नगर निगम और पीडब्लूडी ने संयुक्त रूप से नपाई की है। इसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। नपाई की रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई होगी। जो लोग उन पर आरोप लगा रहे हैं, वो खुद ही नजूल की जमीन पर कब्जा करने की फिराक में हैं।