रुद्रपुर के पांच मंदिर में मां के दर्शन करते श्रद्धालु।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। नवरात्र पर्व पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में बुधवार देर रात माता की चौकी में गायक सांवरिया ने मेला मईया दा...समेत अन्य पंजाबी भजन गाकर समा बांध दिया। माता के भजनों पर भक्त जमकर झूमे।
बृहस्पतिवार को नवरात्र के तीसरे दिन मंदिरों में भक्तों ने मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की। कोरोना काल के बीच मंदिरों में प्रवेश के दौरान सैनिटाइजर और मास्क का प्रयोग किया गया। दुर्गा मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, दूधिया मंदिर, नीलकंठ मंदिर, प्राचीन अटरिया मंदिर, शिव शक्ति आदि मंदिरों में भक्तों के पूजा-अर्चना करने से माहौल भक्तिमय हो गया। लक्ष्मी नारायण मंदिर में बुधवार रात श्री सनातन धर्म युवा मंच की ओर से माता की चौकी के दूसरे दिन मां के सुंदर भजनों जैसे एक दूजे दिल विच रेहंदे हा... दे चरणा दा प्यार माइये, मेला मईया दा गाकर गायक अमन सांवरिया ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नौ बजे से आयोजित हुई माता की चौकी रात 12 बजे संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को पंचमेवा का प्रसाद बांटा गया। युवा मंच के अध्यक्ष विजय विरमानी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात माता की चौकी में गायक राम और श्याम अपने भजनों से समा बांधेंगे। वहां श्वेता गाबा, रजनी बत्रा, सोनिया सुखिजा, राकेश सुखिजा, हरीश अरोरा, गौरव तनेजा, अजय चड्ढा, अमित चावला आदि थे।