रुद्रपुर नवोदय पावर हाउस में धरना प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। त्यौहार के सीजन में अघोषित बिजली कटौती होने पर व्यापारियों में आक्रोश है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने नवोदय फीडर बिजलीघर में धरना दिया। उनका कहना है कि रखरखाव के नाम पर घंटों कटौती की जा रही है।
व्यापारियों ने कहा कि इस समय त्यौहार का सीजन चल रहा है। ऐसे में व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारी पहले से ही लॉकडाउन की वजह से बुरी तरह त्रस्त हो चुके हैं।
उनका कहना है कि व्यावसायिक कनेक्शन में 30 दिनों के लिए बिलों का भुगतान किया जाता है, लेकिन पिछले कुछ दिन से 20 या 21 दिन में ही निगम की ओर से व्यापारियों को बिल भेजे जा रहे हैं। इससे व्यापारियों को साल भर में 12 की जगह 17 बार बिलों का भुगतान करना पड़ रहा है।
बिलों में अनावश्यक शुल्क भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने इंजीनियर के नाम ज्ञापन सहायक इंजीनियर को सौंपा। वहां प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष संजय जुनेजा, संदीप चीमा, मोहन खेड़ा, राजकुमार सीकरी, विजय फुटेला, पवन गाबा, बलजीत सिंह, अनिल रावत आदि थे।
इधर, एसडीओ संजय चौहान ने व्यापारियों के आरोपों का नकारा। कहा कि अब ऑनलाइन बिलिंग होती है। 12 महीने के 12 व्यावसायिक बिल ही व्यापारियों को दिए जा रहे हैं।