काशीपुर। पेट्रोल पंप पर लूट कर भाग रहे बदमाशों से मुठभेड़ में घायल हुए एएसआई प्रदीप कुमार को 15 अगस्त के दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित करेंगे। प्रदीप को अपने कार्यकाल में विशिष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
मार्च 2015 को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर लूट की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश काशीपुर के आईटीआई थाना क्षेत्र स्थित सरदारवाला टांडा क्षेत्र में छिप गए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली।
बदमाशों के साथ मुठभेड़ में दोनों तरफ से कई राउंड फायर किए गए। इसी मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार गोली लगन से घायल हो गए थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी बहादुरी के लिए एएसआई प्रदीप कुमार को विशिष्ट सम्मान देने के लिए चुना गया है। 15 अगस्त के दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदीप कुमार को सम्मानित करेंगे।