विधानसभा चुनाव का मतदान सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा। जिले में अर्धसैनिक बलों की 24 व पीएसी की चार कंपनियां तैनात रहेंगीं। इसके साथ ही चार एएसपी, 11 सीओ, 21 इंस्पेक्टर, 130 दरोगा व करीब 800 सिपाही तैनात रहेंगे। करीब दो हजार होमगार्ड और 700 पीआरडी जवान भी ड्यूटी में तैनात रहेंगे।
रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, एसपी सिटी ममता बोहरा व एसएसबी अधिकारियों के ब्रीफिंग कर पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों को जरूरी निर्देश दिए। एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान सुरक्षा बलों को कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथों पर नियुक्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारी को मतदान केंद्र प्रभारी को पूरा सहयोग देते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। ताकि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक कार्य अत्यधिक सतर्कता, शालीनता व निष्पक्षता के साथ किया जाए। साथ ही चुनाव से संबंधित शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनकर उन पर शीघ्रता से कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की गतिविधि होने पर जोनल, सेक्टर या उच्चाधिकारियों को सूचित करें। एसएसपी ने कहा कि जिले की अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्जीय सीमाएं सील कर दी गई हैं। इधर, रुद्रपुर के रामपुर बॉर्डर पर शाम सात बजे तक भी वाहन बेरोक टोक गुजरते रहे। जबकि कुछ दूरी पर स्थित यूपी की रुद्र-बिलास चौकी पर वाहनों की चेंकिंग होती रही।
पोलिंग पार्टियों की वापसी के दौरान होगा रूट डायवर्जन
रुद्रपुर। पोलिंग पार्टियों की वापसी के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शाम चार बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। किच्छा से आने वाले भारी वाहन आदित्य चौक किच्छा से नगला पंतनगर होते हुए दिनेशपुर मोड़ होते हुए सुभाष चौक से दिनेशपुर से काशीपुर-हरिद्वार जाने के लिए गदरपुर से रवाना होंगे। रुद्रपुर-रामपुर जाने वाले वाहन सुभाष चौक से जाफरपुर होते हुए इंदिरा चौक की ओर जाएंगे।
काशीपुर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहन गदरपुर-दिनेशपुर मोड़, सुभाष चौक दिनेशपुर होते हुए हल्द्वानी की ओर जाएंगे। काशीपुर से किच्छा व रामपुर जाने वाले भारी वाहन गदरपुर इंदिरा चौक होते हुए गुजरेंगे। हल्द्वानी से काशीपुर, हरिद्वार जाने वाले भारी वाहन दिनेशपुर मोड़ से सुभाष चौक दिनेशपुर होते हुए जाएंगे। हल्द्वानी से रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन दिनेशपुर मोड़ से सुभाष चौक दिनेशपुर होते हुए जाएंगे। छोटे वाहन, रोडवेज बसें व अति आवश्यक सेवा वाहन डायवर्जन से मुक्त रहेंगे ।
रामपुर रोड स्थित यूपी की रुद्र-बिलास चौकी के पास वाहन चेकिंग करती यूपी पुलिस।- फोटो : RUDRAPUR