चोरी के खुलासे के लिए किया चौकी प्रभारी का घेराव
आंगनबाड़ी केंद्र में हुई चोरी के मामले में दो सप्ताह बाद भी रिपोर्ट दर्ज न करने से फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुरपट्टी। आंगनबाड़ी केंद्र से जरूरी कागजात, मुहरें और दो चेक गायब हो गए। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। मामले के खुलासे की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी का घेराव भी किया।
पुलिस को दी तहरीर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीता रानी ने कहा है कि शिवनगर प्रथम में उसका आंगनबाड़ी केंद्र है। केंद्र में कागजात, मुहर, भोजन माता समिति का रजिस्टर और चेक बुक रखी थी। 18 सितंबर की देर रात को चोरों ने जरूरी दस्तावेज और दो चेक निकाल लिए। उन्होंने बाल विकास कार्यालय और बैंक को भी इस बारे में सूचना दी। बृहस्पतिवार को बैंक की बाजपुर शाखा से रीता को फोन पर बताया कि जिस चेक की चोरी संबंध में बैंक को सूचना दी गई थी, वह चेक सुल्तानपुरपट्टी की एक समिति में भुगतान के लिए लगाया गया है । रीता ने कार्यकर्ताओं के साथ बैंक पहुंचकर अपने दोनों चेकों को पहचाना। तहरीर के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भड़क गईं। शुक्रवार की सुबह उन्होंने चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी का घेराव किया और इस संबंध में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। चौकी प्रभारी दीपक कौशिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा कर लिया गया है। घेराव करने वालों में समिति की अध्यक्ष परवीन सैफी, लज्जा सैनी, कृष्णा चन्द्रा, रजनी, सिमरन,मेनका पवार, पूनम, कमलेश कश्यव, अर्चना सैनी, संगीता, बबिता चंद्रा आदि थीं।
फोटो 01 केएसपी 11 पी- सुल्तानपुरपट्टी में चौकी प्रभारी का घेेराव करतीं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां।
---
भूपेश चंद्रा,