रुद्रपुर विकास भवन सभागार में सम्मानित की गई बाल परियोजना अधिकारी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रदेशभर में चलाए जाने वाले पोषण अभियान कार्यक्रम में ऊधमसिंह नगर ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि पौड़ी गढ़वाल दूसरे और देहरादून तीसरे स्थान पर रहा। शुक्रवार को विकास भवन के शहीद ऊधमसिंह नगर सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ने पोषण माह का समापन किया।
पोषण अभियान कार्यक्रम में बच्चों में कुपोषण को खत्म करने के लिए जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में कई कार्यक्रम चलाए गए। सीडीओ आशीष भटगांई ने जिले में पोषण माह के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन बाल परियोजना टीमों को सम्मानित किया। इनमें काशीपुर ग्रामीण टीम को प्रथम पुरस्कार, रुद्रपुर ग्रामीण को द्वितीय पुरस्कार व जसपुर ग्रामीण को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष अच्छा कार्य करने वाली तीन परियोजनाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें बाल विकास परियोजना जसपुर को प्रथम, रुद्रपुर को द्वितीय व बाजपुर को तृतीय पुरस्कार दिया गया, जबकि प्रत्येक परियोजना से पोषण अभियान के अंतर्गत अच्छा कार्य करने वाले एक-एक सुपरवाइजर व एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि हमे आगे भी अच्छा कार्य करना है। वहां महिला कल्याण अधिकारी डॉ. श्वेता दीक्षित, सीडीपीओ लीला परिहार, पूनम रौतेला, नीलम नाथ, किशन मेहरा, कमला अधिकारी, अलवीरा, मेघा आदि थे।
प्रदेश की स्थिति
जिला - स्थान
यूएस नगर - पहला
पौड़ी गढ़वाल - दूसरा
देहरादून - तीसरा
चंपावत - चौथा
पिथौरागढ़ - पांचवा
अल्मोड़ा - छठा
उत्तरकाशी - सातवां
चमोली - आठवां
हरिद्वार - नौवां
नैनीताल - 10वां
बागेश्वर - 11वां
रुद्रप्रयाग - 12वां
टिहरी गढ़वाल - 13वां