काशीपुर में पत्रकारों से वार्ता करते ऑल इंडिया श्री गुरू सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरविंदर ?
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। ऑल इंडिया श्री गुरु सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरविंदर सिंह मारवाह ने कहा कि कृषि कानूनों से काश्तकारों का जीवन असुरक्षित हो गया है। इन कानूनों के विरोध में साल भर से चल रहा आंदोलन और तेज किया जाएगा। आंदोलन को कमजोर करने की साजिश रचने वालों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
मारवाह यहां एक रिजॉर्ट में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को तेज धार देने के लिए दो अक्तूबर को जय जवान जय किसान के नारे के साथ हजारों की तादाद में किसान दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर की ओर कूच करेंगे। तराई से बड़ी संख्या में किसान आंदोलन को मजबूत करने में अपनी भागीदारी करेंगे। कहा कि पूर्व पीएम स्व. शास्त्री और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गाजीपुर में महारैली होगी। मारवाह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा को ताकतवर बनाकर आंदोलन को रणनीतिक रूप दिया जाएगा। कानूनों को वापस कराने के लिए सरकार को मजबूर किया जाएगा। मारवाह ने बताया कि काशीपुर के व्यापारी नेता आशीष अरोरा बाबी को ऑल इंडिया श्री गुरु सिंह सभा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। काशीपुर से बड़ी संख्या में लोग अरोरा के नेतृत्व में इस महारैली में भागीदारी करेंगे। वहां मौजूद अरोरा ने कहा कि संगठन में उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वह ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। गाजीपुर जाने वाली महारैली में उनकी ओर से पचास से अधिक वाहनों की व्यवस्था की गई है। वहां मंसूर अली मंसूरी और चंद्रशेखर प्रजापति आदि थे।