बाजपुर। किसानों और राइस मिल मालिकों की संयुक्त बैठक में धान खरीद को लेकर हंगामा हो गया। इस दौरान राइस मिलर्स और किसान आपस में भिड़ गए। राइस मिल मालिक बैठक छोड़कर बाहर आ गए। उन्होंने बैठक के बीच में एक किसान पर अपशब्द कहने का आरोप लगाया।
शुक्रवार को मंडी समिति सभागार में हुई किसानों और राइस मिल मालिकों की बैठक में भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष करम सिंह पड्डा, किसान सेवक अजीत प्रताप सिंह रंधावा और एसएमआई एमएस टोलिया के बीच धान खरीद के लिए बातचीत चल रही थी। किसानों ने सरकार के नियमों के अनुसार कच्चे आढ़तियों से सरकारी रेट पर धान खरीदने को कहा। राइस मिल एसोसिएशन अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने कहा कि सभी राइस मिलों को तौल केंद्रों से बराबर धान का आवंटन किया जाए। इससे कोई दिक्कत नहीं होगी।
बताते हैं कि बैठक में पहुंचे एक राइस मिल मालिक ने किसानों पर परेेशान करने और गलत तरीके से धान तौल की पर्ची बनाने का आरोप लगाया। आरोप है कि इस पर एक किसान ने अपशब्द कह दिए, जिससे बैठक में हंगामा हो गया। किसान और राइस मिलर्स के बीच तीखी झड़प हो गई। शोरगुल के बीच राइस मिलर्स बैठक से बाहर आए। बैठक समाप्त हो गई। वहां प्रताप सिंह संधू, विजेंद्र सिंह डोगरा, सन्नी, उपकार सिंह, दर्शन गोयल, सौरभ अग्रवाल, राकेश चौहान आदि थे। इधर भाकियू प्रदेशाध्यक्ष करम सिंह पड्डा ने बताया कि राइस मिलर्स के साथ बैठकर मामले को सुलझा लिया गया है। ऐसी कोई बात नहीं है। (संवाद)
आरएफसी ने कहा कि शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
बाजपुर। कुमाऊं संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) हरवीर सिंह ने किसानों और राइस मिल मालिकों के साथ अलग-अलग बैठक की। सरकार के नियमानुसार धान खरीद करने के निर्देश दिए। आरएफसी ने कहा कि शिकायत मिलने पर राइस मिलर्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को चीनी मिल अतिथि गृह में किसानों के साथ बैठक में आरएफसी हरवीर सिंह ने कहा कि किसान और राइस मिलर्स एक दूसरे के पूरक है। दोनों के बीच तालमेल जरूरी है। कच्चे आढ़ती भी किसानों का धान सरकारी रेट पर खरीदेंगे। नियमों का पालन नहीं करने पर राइस मिलर्स के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान किसानों ने राइस मिलर्स पर नमी मशीन के अलावा रिकवरी मशीन से धान खरीद करने का आरोप लगाया। आरएफसी ने कहा कि नमी मशीन के अलावा किसी मशीन अनुमति नहीं है। यदि ऐसा है तो गलत है। इसके बाद एक होटल में राइस मिलर्स के साथ आरएफसी की बैठक हुई। जिसमें आरएफसी हरवीर सिंह ने धान खरीद में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं करने के निर्देश दिए। आरएफसी की बैठक के बाद आढ़तियों और राइस मिलर्स ने नियमानुसार सरकारी रेट पर धान खरीद करने का भरोसा दिया। संवाद