फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुद्रपुर कॉलेज के ऑडिटोरियम की छत पर चढ़े दो छात्र, बवाल

विज्ञापन
रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के ऑडिटोरियम की छत चढ़े छात्र। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में एमएससी में जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और गणित विषय शुरू करने की मांग को लेकर शनिवार सुबह एबीवीपी से जुड़े दो छात्र ऑडिटोरियम की करीब 60 फीट ऊंची छत पर चढ़ गए। इससे कॉलेज प्रबंधन के साथ पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। प्रोफेसरों के साथ ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से फोन पर हुई वार्ता के बावजूद छात्र नीचे नहीं उतरे। विधायक राजकुमार ठुकराल ने मौके पर पहुंचकर फोन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और बताया कि मुख्यमंत्री ने 15 दिन के भीतर नए विषय शुरू करवाने का आदेश जारी करने की घोषणा कर दी है, जिस पर करीब चार घंटे के बाद दोनों छात्र नीचे उतर आए।
विज्ञापन

रुद्रपुर कॉलेज के छात्र व एबीवीपी के तहसील संयोजक चंदन भट्ट और ब्लॉक संयोजक सौरभ राठौर सुबह करीब साढ़े आठ बजे कॉलेज परिसर स्थित ऑडिटोरियम की छत पर सीढ़ी लगाकर चढ़ गए। छत पर चढ़ते ही उन्होंने एमएससी में नए विषय शुरू करने और छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन और कुमाऊं विश्वविद्यालय के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे ऑडिटोरियम के नीचे छात्र-छात्राओं की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। कॉलेज प्रोफेसरों व पुलिस अधिकारियों ने फोन पर वार्ता कर दोनों छात्रों से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद कॉलेज परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी धरना शुरू कर तीन विषय शुरू करने की मांग उठाई।
एसडीएम प्रत्यूष सिंह ने भी छात्रों से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे विधायक राजकुमार ठुकराल ने मौके पर पहुंचकर दोनों छात्रों से नीचे उतरने की अपील। छात्रों ने विधायक से लिखित आश्वासन की मांग की, जिस पर विधायक ने फोन पर मुख्यमंत्री धामी से वार्ता की। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 15 दिन के भीतर तीनों नए विषय शुरू करने की आदेश की घोषणा कर दी है। इस पर दोनों छात्र सीढ़ी से नीचे उतर आए। तब कॉलेज प्रबंधन के साथ ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। दोनों छात्रों ने कहा कि उनकी अभी सिर्फ एक मांग पूरी हुई है, यदि शीघ्र छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषणा नहीं हुई तो फिर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहां पर प्राचार्य डॉ. केके पांडेय, परीक्षा प्रभारी डॉ. पीएन तिवारी, डॉ. रूमा शाह, एबीवीपी के कुमाऊं सहसंयोजक रचित सिंह, राहुल गुप्ता, भाजपा नेता भारतभूषण चुघ, विकास शर्मा आदि थे।
विज्ञापन

सीएम की घोषणा से चार साल बाद नए विषय शुरू होने की बंधी आस
रुद्रपुर। एसबीएस पीजी कॉलेज में एमएससी में जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और गणित विषय शुरू करने की मांग पिछले चार साल से उठ रही है, लेकिन हर साल यह सिर्फ छात्र-संघ चुुनाव का मुद्दा बनकर ही रह जाता है। नए विषय शुरू नहीं होने के कारण इन विषयों से बीएससी करने वाले विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए हल्द्वानी, नैनीताल, देहरादून या दिल्ली जाना पड़ता है। जबकि कई छात्र-छात्राओं को परास्नातक में अपने विषय बदलने पड़ रहे हैं। नए विषय शुरू करने की मांग को लेकर स्वयं विधायक राजकुमार ठुकराल कई बार शासन से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन इसकी फाइल अभी तक शासन में धूल फांक रही है। अब छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए एक बार फिर यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें