रुद्रपुर। शहर के व्यस्ततम डीडी चौक पर एक कार ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी में सवार महिला और उसकी बेटी मामूली रुप से चोटिल हो गई। यातायात पुलिस ने मां बेटी को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बाद कार चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगापुर रोड निवासी विवेक बुधवार सुबह अपनी स्कूटी पर पत्नी और मासूम बेटी के साथ बाजार आया था। घर लौटने के दौरान डीडी चौक पर एक कार ने उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर से विवेक की पत्नी और बेटी सड़क पर गिरकर मामूली रूप से चोटिल हो गए। चौक पर खड़े यातायात के सिपाही ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के बाद लापरवाही से कार चलाने वाले चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।